12वीं पास महिलाओं के लिए सुनहरा अवसर, परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से कम होना अनिवार्य
कंडाघाट: समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) कंडाघाट के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिका के कुल 11 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एवं पात्र महिला उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकती हैं, जबकि 17 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कंडाघाट के कार्यालय में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी कंडाघाट ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 2 पद तथा आंगनवाड़ी सहायिका के 9 पद भरे जाएंगे।
इन केंद्रों पर भरे जाएंगे आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद
- आंगनवाड़ी केंद्र गौड़ा (ग्राम पंचायत हिन्नर, आंगनवाड़ी वृत्त चायल)
- आंगनवाड़ी केंद्र झाझा (ग्राम पंचायत झाझा, आंगनवाड़ी वृत्त चायल)
इन केंद्रों पर होगी आंगनवाड़ी सहायिकाओं की भर्ती
- शापड़ (नगर पंचायत कंडाघाट)
- क्वारग (ग्राम पंचायत क्वारग)
- सिल्हारी (ग्राम पंचायत क्वारग)
- डाहर (ग्राम पंचायत हिन्नर)
- कानो (ग्राम पंचायत नगाली)
- टकराना (ग्राम पंचायत हिन्नर)
- भैंच कुफटु (ग्राम पंचायत जधाणा)
- हामणी (ग्राम पंचायत सायरी)
- छावशा (ग्राम पंचायत छावशा)
आवेदन के लिए जरूरी पात्रता
इन पदों के लिए केवल वही महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं, जो 1 जनवरी 2026 तक संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के लाभान्वित क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास करने वाले परिवार से संबंधित हों।
उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका दोनों पदों के लिए 12वीं (10+2) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
इसके अलावा, उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी वैध आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन के साथ लगाएं ये दस्तावेज
आवेदन पत्र के साथ निम्नलिखित प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करनी होंगी—
- आयु प्रमाण पत्र
- शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र
- निवास प्रमाण पत्र
- आय प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, अनाथ, असहाय, स्टेट होम/बालिका आश्रम निवासी अथवा पति के पिछले 7 वर्षों से लापता होने संबंधी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
साक्षात्कार के दिन सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे तक अपना आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी, कंडाघाट के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार बाल विकास परियोजना अधिकारी, कंडाघाट कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…