सोलन, 1 अगस्त। नगर निगम सोलन के वार्ड-10 स्थित फॉरेस्ट रोड पर प्रस्तावित पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए नई सड़क को तोड़े जाने की योजना का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क को दोबारा खोदने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फॉरेस्ट रोड का निर्माण हाल ही में लगभग 30 से 40 लाख रुपये की लागत से किया गया है। ऐसे में नई बनी सड़क को फिर से तोड़ना न केवल सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि इससे आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन में बताया गया है कि फॉरेस्ट रोड पहले से ही संकरी है। यदि सड़क को पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदा गया तो यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होगी और क्षेत्र के निवासियों के साथ-साथ दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि इलाके में पहले से ही पेयजल पाइपलाइन मौजूद है। ऐसे में बिना स्पष्ट तकनीकी योजना और आवश्यकता बताए नई पाइपलाइन के नाम पर सड़क तोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने इसे सरकारी संसाधनों और सार्वजनिक धन की अनावश्यक बर्बादी बताया।
लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़क तोड़ने से पहले पूरी तकनीकी योजना सार्वजनिक की जाए तथा पाइपलाइन बिछाने के लिए किसी वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं पर विचार किया जाए, ताकि नई सड़क सुरक्षित रहे और आम जनता को अनावश्यक असुविधा न हो।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जनहित की अनदेखी करते हुए जल्दबाजी में सड़क तोड़ने का निर्णय लिया गया तो इसके खिलाफ व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…