शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीएड करने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएड प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं और अभ्यर्थी 11 मई 2026 तक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस बार बीएड में दाखिले के लिए एचपीयू ही कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) आयोजित करेगा, जिसके आधार पर प्रदेश के सरकारी और निजी कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा। इसमें सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी से संबद्ध कॉलेज भी शामिल होंगे।
8000 सीटों पर मिलेगा दाखिला
इस प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश भर के सरकारी और निजी बीएड कॉलेजों की लगभग 8,000 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। यह दो वर्षीय बीएड कोर्स पूरी तरह से प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार सीटें आवंटित की जाएंगी।
23 मई को होगी प्रवेश परीक्षा
विश्वविद्यालय द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार बीएड की प्रवेश परीक्षा 23 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और परीक्षा की तैयारी शुरू कर दें।
14 शहरों में बनेंगे परीक्षा केंद्र
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के 14 शहरों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें
शिमला, सोलन, नाहन, धर्मशाला, सुंदरनगर, मंडी, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, रामपुर बुशहर, कांगड़ा और चंबा शामिल हैं।
आवेदन से पहले पढ़ें विवरण पुस्तिका
एचपीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले बीएड विवरण पुस्तिका (प्रॉस्पेक्टस) में दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। यह विवरण पुस्तिका विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 0177-2833648 और 0177-2833588 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कार्य दिवसों में विश्वविद्यालय के बीएड प्रवेश प्रकोष्ठ या संगणक केंद्र से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
यह भी पढ़ें:- नौणी विश्वविद्यालय को ‘स्कोच सिल्वर अवार्ड’ से किया सम्मानित, बागवानी और प्राकृतिक खेती में गाड़ा झंडा
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
Whatsaap:- https://whatsapp.com/channel/0029VbBM4nD4yltLKwGMWX0G
Telegram account:- https://t.me/HimalayanDawn
