धार्मिक आस्था, विश्वास और रोमांच का संगम बना तत्तापानी

On: February 8, 2026 11:28 AM
हमें फॉलो करें:
धार्मिक आस्था का केंद्र ततापानी
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now

प्राकृतिक गर्म पानी के चश्मों से लेकर कोल डैम की झील तक, आस्था और पर्यटन की अनूठी यात्रा

मंडी जिला के करसोग क्षेत्र में स्थित तत्तापानी अब सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और आधुनिक पर्यटन गतिविधियों का जीवंत केंद्र बनकर उभर रहा है। सतलुज नदी के किनारे बसा यह ऐतिहासिक नगर अपने प्राकृतिक गर्म पानी के चश्मों के कारण सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है, वहीं अब कोल डैम में शुरू हुई रोमांचक जलक्रीड़ा गतिविधियों ने इसे नए पर्यटन गंतव्य के रूप में पहचान दिलाई है।

शिमला से 55 किलोमीटर दूर, आस्था और प्रकृति का सुकून
प्रदेश की राजधानी शिमला से महज 55 किलोमीटर की दूरी पर स्थित तत्तापानी अपने मनोरम प्राकृतिक दृश्यों, शांत वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा के कारण हर वर्ग के पर्यटकों को आकर्षित करता है। पहाड़ों के बीच बहती सतलुज नदी और उसके किनारे स्थित गर्म पानी के कुंड इस स्थान को विशिष्ट पहचान देते हैं।

कोल डैम झील में रोमांच, वॉटर स्पोर्ट्स से बढ़ी रौनक
कोल डैम परियोजना के अंतर्गत बनी झील ने तत्तापानी के पर्यटन स्वरूप को नई दिशा दी है। यहां मोटर बोटिंग, जेट स्की और हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियां पर्यटकों को रोमांच का अनुभव करवा रही हैं। श्रद्धा के साथ-साथ साहसिक पर्यटन के शौकीनों के लिए तत्तापानी अब एक आकर्षक विकल्प बन गया है।

सरकार की पहल: गर्म पानी के चश्मों को मिलेगा नया जीवन
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तत्तापानी को एक सुव्यवस्थित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। धार्मिक आस्था से जुड़े इस क्षेत्र में स्थित प्राकृतिक गर्म पानी के चश्मों को पुनर्जीवित करने के लिए कोल डैम प्रबंधन के साथ समन्वय कर विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पुराने कुंडों की मरम्मत, सफाई और गर्म पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

औषधीय गुणों से भरपूर गंधकयुक्त गर्म पानी
तत्तापानी के गर्म पानी के चश्मे गंधक तत्व से युक्त माने जाते हैं, जिनके औषधीय गुणों की मान्यता दूर-दूर तक है। स्थानीय विश्वास के अनुसार यहां स्नान करने से चर्म रोग, जोड़ों के दर्द और अन्य शारीरिक समस्याओं में राहत मिलती है। यही कारण है कि यहां वर्ष भर श्रद्धालुओं और रोगियों का तांता लगा रहता है।

कुंभ स्नान के समान पुण्य की मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तत्तापानी में गर्म पानी के कुंडों में स्नान करने से कुंभ स्नान के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है। हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर यहां भव्य धार्मिक आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं। स्नान के उपरांत तुलादान की परंपरा भी प्रचलित है, जिससे ग्रह दोष शांत होने और सुख-समृद्धि की प्राप्ति की मान्यता है।

ऋषि जमदग्नि की तपोस्थली, ऐतिहासिक विरासत
तत्तापानी का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी अत्यंत गहरा है। यह स्थान सप्तऋषियों में से एक ऋषि जमदग्नि की तपोस्थली माना जाता है। यही कारण है कि यहां आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक परंपराओं की गूंज आज भी महसूस की जा सकती है।

पर्यटन से स्थानीय लोगों को मिल रहा रोजगार
तत्तापानी वाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव प्रेम रैना के अनुसार, धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और जलक्रीड़ा गतिविधियों के चलते तत्तापानी पर्यटन के नक्शे पर तेजी से उभर रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है।

आस्था, प्रकृति और रोमांच का अनोखा अनुभव
तत्तापानी आज उस दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां परंपरा और आधुनिकता एक साथ कदमताल कर रही हैं। धार्मिक श्रद्धा, प्राकृतिक गर्म पानी के चश्मे और रोमांचक पर्यटन गतिविधियां मिलकर तत्तापानी को हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल कर रही हैं।

यह भी पढ़ें:- आरएलए सोलन में बड़ा फर्जीवाड़ा: फर्जी आईडी से 40 से अधिक वाहनों का पंजीकरण

Akshay Chauhan

अक्षय चौहान पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे साप्ताहिक हिमालयन डॉन के संपादकीय एवं प्रबंधन कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। समाचार संकलन, संपादन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रबंधन तथा समाचार पत्र के संचालन में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें