सोलन, 13 जुलाई: सोलन जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का स्पष्ट संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम केवल जिला परिषद तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की बदलती राजनीतिक तस्वीर को भी दर्शाता है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि सोलन जिला परिषद में भाजपा समर्थित कुमारी शीला अध्यक्ष और पंकज शर्मा उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भाजपा के मजबूत संगठन और जनता के विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने दावा किया कि अब तक प्रदेश के आठ जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जिनमें से सात जिला परिषदों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। उनके अनुसार कई स्थानों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार तक मैदान में नहीं उतार सकी, जिससे प्रदेश में पार्टी की स्थिति स्पष्ट होती है।
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने पंचायत और जिला परिषद चुनावों को टालने का प्रयास किया और सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद लगभग आठ महीने की देरी से चुनाव कराए गए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा समर्थित जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकाय प्रतिनिधियों पर प्रशासनिक दबाव बनाया गया, उनके परिवारों के तबादले किए गए, झूठे मुकदमे दर्ज करवाए गए और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। इसके बावजूद भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिला।
“प्रदेश की जनता कांग्रेस से निराश”
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, बेरोजगारी बढ़ी है और जनहित की योजनाओं पर असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है और प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और प्रदेश को विकास की नई दिशा देगी।
अंत में डॉ. राजीव बिंदल ने सभी नव-निर्वाचित जिला परिषद प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पारदर्शिता, जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देते हुए सोलन जिले के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…