नाहन, 31 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है और भाजपा नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों से प्रदेश में बदले की भावना और राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति की जा रही है। उनका आरोप है कि जहां-जहां कांग्रेस को चुनावों में हार का सामना करना पड़ रहा है, वहां भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला नगर निगम चुनाव में भाजपा द्वारा महापौर और उपमहापौर पद जीतने के बाद भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसी प्रकार देहरा विधानसभा उपचुनाव के बाद भाजपा नेता होशियार सिंह को भी राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया गया।
डॉ. बिंदल ने दावा किया कि हमीरपुर जिला परिषद चुनाव में 19 में से 17 सीटों पर भाजपा की जीत के बाद भाजपा विधायक आशीष शर्मा सहित अन्य नेताओं के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं, सोलन नगर निगम में भाजपा की सफलता के बाद भाजपा पार्षदों को भी राजनीतिक द्वेष का शिकार बनाया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार एक सुनियोजित अभियान के तहत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने तथा लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच मजबूती से खड़ा है और इस प्रकार की कार्रवाई से डरने वाला नहीं है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर विफल रही है तथा अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई का सहारा ले रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट जनादेश देगी।












रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…