शिमला। हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी जल्द दूर होने जा रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में 3,468 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तेजी से जारी है। इनमें 2,668 नियमित पदों का मामला हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर को भेजा जा चुका है, जबकि 800 अस्थायी अंग्रेजी और गणित शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है।
बुधवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, संगीत, ड्रॉइंग, विज्ञान, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी, भूगोल, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, ललित कला और लोक प्रशासन सहित विभिन्न विषयों के शिक्षकों की भर्ती भी जल्द पूरी की जाएगी।
9,359 विद्यार्थियों को मिले टैबलेट
डॉ. वाई.एस. परमार डिजिटल विद्यार्थी योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में 9,359 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। शिक्षा मंत्री ने शेष पात्र विद्यार्थियों को भी डीबीटी के माध्यम से शीघ्र लाभ देने के निर्देश दिए।
524 स्कूलों में नए कंप्यूटर, 777 स्कूलों में बेहतर इंटरनेट
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालय आईसीटी से जुड़ चुके हैं। पहली बार 524 विद्यालयों में पुराने कंप्यूटर बदले जाएंगे, जबकि 777 सरकारी स्कूलों में बेहतर इंटरनेट और नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएसएनएल के साथ टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
146 स्कूलों को मिली CBSE संबद्धता
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 158 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 146 विद्यालयों को सीबीएसई की संबद्धता भी मिल चुकी है। अस्थायी आधार पर नियुक्त 400 अंग्रेजी और 400 गणित शिक्षकों में से 292 अंग्रेजी और 284 गणित शिक्षक कार्यभार संभाल चुके हैं।
SMC, PET और शास्त्री भर्ती पर भी अपडेट
बैठक में एसएमसी शिक्षकों, कंप्यूटर शिक्षकों और लंबित सेवा मामलों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने प्रथम प्रयास में असफल एसएमसी अभ्यर्थियों को दूसरा अवसर देने के निर्देश दिए। वहीं 191 शास्त्री अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं। 870 पीईटी पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है और 355 पदों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है।
मल्टी टास्क वर्कर के 6,703 पद भरे
शिक्षा मंत्री ने बताया कि स्वीकृत 8,000 मल्टी टास्क वर्कर पदों में से 6,703 पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं। शेष पदों को भी जल्द भरने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थी ऋण योजना और आपदा प्रभावित स्कूलों पर फोकस
उन्होंने बताया कि डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत विद्यार्थियों को 1 प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण दिया जा रहा है। वहीं प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि कुल 101 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने, गैर-कार्यशील केंद्रीय विद्यालयों को शीघ्र शुरू करने, नए शिक्षण एवं खेल विद्यालयों को संचालित करने और तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…