राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026: सोलन में जिला स्तरीय कार्यक्रम, युवाओं से मतदान की अपील

On: January 25, 2026 4:41 PM
हमें फॉलो करें:
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now

सोलन | Himalayan Dawn
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सोलन जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने की। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि 25 जनवरी हिमाचल प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवमयी दिन है। इसी दिन वर्ष 1971 में प्रदेश को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा प्राप्त हुआ था तथा इसी दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है। लोकतांत्रिक व्यवस्था किसी भी देश की सबसे सशक्त प्रणाली होती है, जिसे मजबूत बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

उपायुक्त ने बताया कि 25 जनवरी भारतीय निर्वाचन आयोग का स्थापना दिवस भी है। वर्ष 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 324 से 329 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है। आयोग राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा, विधानसभा चुनावों के साथ-साथ मतदाता सूची तैयार करने और फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र जारी करने जैसे कार्य करता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करते ही अपना मतदाता पहचान पत्र अवश्य बनवाएं। मतदान के माध्यम से ही लोकतंत्र में युवाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा समाज और राष्ट्र के लिए प्रहरी की भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित नागरिकों को सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार के प्रयोग की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का प्रसारण किया गया तथा नव पंजीकृत मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। तहसीलदार निर्वाचन उषा चौहान ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी मतदाता पहचान पत्र बनवाया जा सकता है। नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, उपमंडलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, बूथ स्तर के अधिकारी, पर्यवेक्षक, नव पंजीकृत मतदाता एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kamlesh Thakur

कमलेश ठाकुर पिछले 3 वर्षों से हिमालयन डॉन मीडिया के साथ बतौर पत्रकार कार्यरत हैं। उन्हें हिमाचल प्रदेश की स्थानीय खबरों, शिक्षा, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ है। सटीक, विश्वसनीय और तथ्यपरक रिपोर्टिंग उनकी पहचान है। स्थानीय घटनाओं को पाठकों तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाने में उनकी विशेष रुचि है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें