सोलन। जिला सोलन में विभिन्न निजी कंपनियों में 112 पदों को भरने के लिए 24 और 25 मार्च, 2026 को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी जगदीश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि 24 मार्च, 2026 को उप रोजगार कार्यालय बद्दी में मैसर्स बीटा ड्रग्स लिमिटेड में ऑफिसर, जूनियर ऑफिसर व सीनियर ऑफिसर सहित 7 पदों तथा मैसर्स माइक्रोटेक न्यू टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में एग्जीक्यूटिव, वायर कट ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, ऑपरेटर व अप्रेंटिस के 35 पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
इसी प्रकार 25 मार्च, 2026 को उप रोजगार कार्यालय अर्की में मैसर्स एस.आई.एस. लिमिटेड, आर.टी.ए. हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 70 पदों को भरा जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, फिटर, बी.फार्मा, बी.टेक (इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल), एमबीए (एचआर), बीएससी, एमएससी (माइक्रोबायोलॉजी) निर्धारित की गई है, जबकि अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस पर कैंडिडेट लॉगइन के माध्यम से पंजीकरण कर संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थी का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 24 मार्च को मॉडल करियर सेंटर, उप रोजगार कार्यालय बद्दी (गुरुद्वारा संडोली के समीप) तथा 25 मार्च को उप रोजगार कार्यालय अर्की में प्रातः 10:30 बजे अपने समस्त आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इंटरव्यू में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 98726-40412, 98169-28706 तथा 78328-91722 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:- सोलन नगर निगम में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, 28 मार्च तक करें जरूरी कार्य
