पांवटा साहिब के कुंडियों गांव में बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों में मारपीट

सिरमौर: बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों में भिड़ंत, जमकर चले लात-घूंसे और डंडे

Sirmour

पांवटा साहिब: जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत माजरा थाना क्षेत्र के गांव कुंडियों में बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और डंडे चले। इस झड़प में दोनों गुटों के कई लोगों को चोटें आई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुज्जर कॉलोनी बद्रीपुर निवासी जोया महंत ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपनी साथियों आशा, नैना और शिवानी के साथ गांव कुंडियों में बधाई लेने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान राज कुमारी उर्फ नर्गिस अपने साथी समीर खान और खुशी उर्फ जानी के साथ वहां पहुंची और उनके साथ गाली-गलौज करने लगी। शिकायत में कहा गया है कि दूसरे पक्ष ने डंडों से हमला कर दिया, जिससे जोया के बाजू, टांग और कमर में चोटें आई हैं।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से राज कुमारी, निवासी वार्ड नंबर-9 देवीनगर ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। राज कुमारी का कहना है कि जब वह अपने साथी खुशी और चालक समीर के साथ बधाई लेने गांव कुंडियों पहुंची, तो वहां पहले से जोया और उसके साथी मौजूद थे। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि जोया ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके पेट, छाती और टांगों में चोटें आई हैं।

माजरा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- गैस की किल्लत से चूल्हे ठंडे, इंडक्शन और लकड़ी के सहारे होटल-ढाबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *