नौहराधार-चाबधार निर्माणाधीन सड़क पर खड़ी बस और सड़क की स्थिति

नोहराधार: चाबधार सड़क पर बस सेवा बंद, अब ग्रामीणों ने उठाई सड़क पास करवाने की मांग

Sirmour

4 साल से चल रहे दर्जनों वाहन, लेकिन एकमात्र बस पर कार्रवाई; चूड़धार यात्रा और ग्रामीणों की सुविधा पर लगा ब्रेक

नोहराधार, हिमालयन डॉन 17 जून। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल चूड़धार के लिए बनने वाली नौहराधार-चाबधार सड़क एक बार फिर चर्चा में है। सड़क की औपचारिक पासिंग और फिटनेस प्रक्रिया पूरी न होने के कारण क्षेत्रीय परिवहन विभाग (RTO) ने इस मार्ग पर चल रही निजी बस सेवा को बंद करवा दिया है। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से सड़क की शेष औपचारिकताएं जल्द पूरी कर नियमित बस सेवा शुरू करवाने की मांग उठाई है।

जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग मंडल संगड़ाह के अंतर्गत नौहराधार से चाबधार तक करीब 8 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य वर्षों से चल रहा है। गत सप्ताह एक निजी बस संचालक द्वारा इस मार्ग पर बस सेवा शुरू की गई थी, जिससे चाबधार और चूड़धार जाने वाले लोगों को राहत मिली थी। हालांकि सड़क की पासिंग और फिटनेस प्रक्रिया पूरी न होने के चलते आरटीओ ने नियमों के तहत बस सेवा बंद करवा दी।

सवाल: बस बंद हुई, बाकी वाहन कैसे चल रहे हैं?
बस सेवा बंद होने के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब इस सड़क पर पिछले करीब चार वर्षों से दर्जनों निजी वाहन और टैक्सियां नियमित रूप से चल रही हैं, तो केवल बस सेवा पर ही कार्रवाई क्यों हुई? बस बंद होने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों के वीडियो भी साझा किए हैं।

चाबधार के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से चाबधार क्षेत्र के ग्रामीणों को पहली बार नियमित परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी। गौरतलब है कि इस सड़क की मांग को लेकर चाबधार के ग्रामीण वर्ष 2018 में अपने गांव से शिमला तक पैदल यात्रा कर चुके हैं और तत्कालीन मुख्यमंत्री से भी मिले थे।

चूड़धार यात्रा को मिलेगा बड़ा लाभ
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि सड़क को शीघ्र पास कर बस सेवा नियमित कर दी जाए तो चूड़धार आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में श्रद्धालुओं को पैदल यात्रा का लंबा सफर तय करना पड़ता है, जबकि बस सेवा शुरू होने से यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकती है।

विभाग ने क्या कहा?
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नाहन सोना चौहान ने पुष्टि की कि सड़क की औपचारिक पासिंग नहीं होने के कारण बस सेवा बंद करवाई गई है।

वहीं लोक निर्माण विभाग के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता खजान सिंह ने बताया कि सड़क पर अभी लगभग एक सप्ताह का कार्य शेष है। इसके बाद एसडीएम संगड़ाह की अध्यक्षता वाली सड़क फिटनेस समिति द्वारा निरीक्षण और ट्रायल किया जाएगा। समिति की मंजूरी मिलने के बाद सड़क को औपचारिक रूप से पास किया जा सकेगा।

जनहित में उठी मांग
ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की बची हुई औपचारिकताएं युद्धस्तर पर पूरी की जाएं, ताकि चाबधार क्षेत्र के लोगों को नियमित बस सुविधा मिल सके और चूड़धार आने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिले।

लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर वर्षों से वाहन चल रहे हैं तो अब इसे जल्द पास कर सुरक्षित एवं नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।


यह भी पढ़ें:- सिरमौर: संगड़ाह के भाजयुमो नेता जय प्रकाश (जेपी) ठाकुर का आकस्मिक निधन, नहाते समय हुए अचेत


हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।

WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel⁠
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel⁠
Facebook पेज:
Join Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *