सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर शक ने एक पति को इस कदर अंधा बना दिया कि उसने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली। आरोपियों ने पहले महिला का गला चाकू से रेता और फिर उसे करीब 100 मीटर गहरी खाई में फेंक दिया, लेकिन किस्मत से उसकी जान बच गई।
घूमाने के बहाने यूपी से सोलन लाया, फिर किया जानलेवा हमला
पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी दलीप कुमार अपनी पत्नी मोनिका के चरित्र पर शक करता था। इसी शक के चलते उसने अपने भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ हत्या की योजना बनाई। तीनों आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन के बड़ोग क्षेत्र में लेकर आए।
गला रेता, फिर खाई में फेंका
10 जुलाई की रात पंच परमेश्वर मंदिर के पास आरोपियों ने पहले मोनिका के गले पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसे करीब 100 मीटर गहरी खाई में फेंककर फरार होने की कोशिश की।
30 मिनट में पुलिस ने तीनों को दबोचा
एक जागरूक नागरिक की सूचना पर सदर थाना सोलन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात के करीब आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को नगाली के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पत्नी की हालत गंभीर, बोल भी नहीं पा रही
गंभीर रूप से घायल मोनिका का इलाज शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, गले पर गहरे वार के कारण सांस लेने और भोजन के लिए अलग पाइप लगानी पड़ी है। फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है, हालांकि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के बहराइच और गोंडा जिलों की पुलिस से भी जानकारी मांगी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।












रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…