हिमालयन डॉन संवाददाता, नौणी। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (नौणी) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। बागवानी, वानिकी, प्राकृतिक खेती, खाद्य प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और एग्री-बिजनेस जैसे क्षेत्रों में रुचि रखने वाले अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जा रहे हैं, जहां विस्तृत प्रॉस्पेक्टस भी उपलब्ध है।
विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर नौणी के साथ-साथ औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी और थुनाग में बीएससी (ऑनर्स) औद्यानिकी और बीएससी (ऑनर्स) वानिकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। मुख्य परिसर में बीएससी कृषि (ऑनर्स) प्राकृतिक खेती तथा बीटेक फूड टेक्नोलॉजी (स्व-वित्तपोषित) का विकल्प भी उपलब्ध है, जबकि नेरी में बीटेक बायोटेक्नोलॉजी और बीटेक फूड टेक्नोलॉजी कार्यक्रमों में भी प्रवेश दिया जाएगा।
स्नातकोत्तर स्तर पर एमएससी कार्यक्रमों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। औद्यानिकी संकाय में एंटोमोलॉजी, फ्लोरीकल्चर एवं लैंडस्केपिंग, फूड प्रोसेसिंग, फ्रूट साइंस, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एवं बायोटेक्नोलॉजी, प्लांट पैथोलॉजी, पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट, सीड साइंस और वेजिटेबल साइंस सहित कई विशेषज्ञताएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त एमबीए एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।
वानिकी संकाय के अंतर्गत कृषि अर्थशास्त्र, कृषि विस्तार शिक्षा, कृषि सांख्यिकी, पर्यावरण विज्ञान, फॉरेस्ट बायोलॉजी, फॉरेस्ट रिसोर्स मैनेजमेंट, माइक्रोबायोलॉजी, सिल्वीकल्चर एवं एग्रोफॉरेस्ट्री और मृदा विज्ञान जैसे विषयों में विशेषज्ञता प्रदान की जाएगी।
यूजी कार्यक्रमों (सामान्य सीटों) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून तथा स्व-वित्तपोषित सीटों के लिए 18 जुलाई निर्धारित की गई है। वहीं एमएससी कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 जून है। विलंब शुल्क के साथ यूजी (सामान्य) के लिए 12 जून, स्व-वित्तपोषित के लिए 25 जुलाई और पीजी कार्यक्रमों के लिए 30 जून तक आवेदन किए जा सकते हैं।
प्रवेश परीक्षाएं यूजी के लिए 21 जून और पीजी के लिए 5 जुलाई को आयोजित होंगी। यूजी परीक्षा परिणाम 6 जुलाई और पीजी परिणाम 15 जुलाई को घोषित किए जाएंगे। यूजी स्व-वित्तपोषित सीटों की सूची 31 जुलाई को जारी होगी। यूजी प्रवेश परीक्षा सोलन, हमीरपुर, सुंदरनगर, पालमपुर और रामपुर में आयोजित की जाएगी, जबकि पीजी परीक्षा मुख्य परिसर नौणी में होगी।
सामान्य सीटें हिमाचल प्रदेश के मूल निवासियों के लिए आरक्षित हैं और इन पर प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। कुछ सीटें अन्य राज्यों व उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए भी निर्धारित हैं, जबकि स्व-वित्तपोषित सीटें देशभर के उम्मीदवारों के लिए खुली रहेंगी। यूजी स्व-वित्तपोषित सीटों पर प्रवेश 10+2 के चार विषयों—अंग्रेजी, भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीवविज्ञान/गणित—की मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जबकि पीजी कार्यक्रमों में प्रवेश प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर होगा।
यह भी पढ़ें:- सिरमौर: संगड़ाह की सैंज पंचायत को मिला बीडीसी का सर्वसम्मत समर्थन; नियमों के उल्लंघन पर लगेगा भारी जुर्माना
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
