हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) हमीरपुर ने शिक्षा विभाग के तहत सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में अंग्रेज़ी और गणित विषय के अध्यापकों (PGT) की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। यह नियुक्तियां पांच वर्ष की अनुबंध अवधि के लिए की जाएंगी।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को 30,000 रुपये प्रतिमाह फिक्स मानदेय दिया जाएगा। हालांकि, वेतन केवल शैक्षणिक सत्र के 10 महीनों के लिए देय होगा। इन पदों पर नियुक्त अध्यापकों को नियमित सरकारी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं प्राप्त नहीं होंगी।
ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी से
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 सुबह 10 बजे से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 फरवरी 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता
अंग्रेज़ी अध्यापक (PGT English):
अभ्यर्थी के पास एमए अंग्रेज़ी होना अनिवार्य है, साथ ही स्नातक स्तर पर न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक और बीएड की डिग्री आवश्यक है।
गणित अध्यापक (PGT Maths):
एमए या एमएससी गणित के साथ बीएड अनिवार्य है।
आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को सरकार के नियमों के अनुसार शैक्षणिक अंकों में छूट दी जाएगी।
आयु सीमा व चयन प्रक्रिया
आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु सीमा 25 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT)/स्क्रीनिंग टेस्ट के माध्यम से होगी, जिसमें 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
624 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में यह पद भरे जाने प्रस्तावित हैं। इनमें से 624 पद हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा भरे जाएंगे शेष 76 पद सैनिक कल्याण विभाग, खेल विभाग एवं दिव्यांग कोटे से संबंधित विभागों द्वारा भरे जाएंगे, जिनकी प्रक्रिया अलग से शुरू की जाएगी
टेट अनिवार्य नहीं
यह भर्ती फिक्स मानदेय के आधार पर पीजीटी पदों के लिए की जा रही है, इसलिए टेट पास होना अनिवार्य नहीं रखा गया है।
तेजी से जारी हुई अधिसूचना
प्रदेश सरकार से 28 जनवरी 2026 को इन पदों को भरने की मंजूरी मिली थी। इसके अगले ही दिन आयोग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर भर्ती अधिसूचना जारी कर दी। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी 31 जनवरी से आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:- हमीरपुर में 11 विभागों के साथ स्थापित होगा अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर: मुख्यमंत्री
