बिजली सब-स्टेशन में 1.10 लाख की चोरी का पर्दाफाश

सोलन: बिजली सब-स्टेशन में 1.10 लाख की चोरी का पर्दाफाश, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे 3 आरोपी

Solan

कुनिहार (सोलन): जिला सोलन के कुनिहार पुलिस थाना की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिजली विभाग के सब-स्टेशन में हुई चोरी की गुत्थी को महज 24 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी किया गया सारा सामान बरामद करने में सफलता पाई है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि वारदात 19 और 20 जनवरी की मध्य रात्रि को हुई थी। सब-स्टेशन में तैनात कनिष्ठ अभियंता (JE) कांशी राम ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि ड्यूटी के दौरान उन्हें यार्ड में कुछ गिरने की आवाजें सुनाई दीं। जब कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तो कुछ संदिग्ध लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। जांच करने पर पता चला कि चोर वहां से करीब 1,10,000 रुपये मूल्य का एल्युमिनियम कंडक्टर ले उड़े हैं।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद

शिकायत मिलते ही कुनिहार पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों (Cyber Cell) की मदद ली। गहन छानबीन के बाद पुलिस ने तीन शातिर चोरों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान:

  1. सुनील कुमार (33): निवासी कंडाघाट, सोलन।
  2. ओम प्रकाश (22): मूल निवासी नेपाल (हाल निवासी विकास नगर, शिमला)।
  3. कमल (27): मूल निवासी नेपाल (हाल निवासी सलोगड़ा, सोलन)।
सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एल्यूमिनियम कंडक्टर बरामद कर लिया है। इसके अलावा, चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या ये किसी बड़े गिरोह के साथ जुड़े हुए हैं।

यह भी पढ़ें:- हिमाचल को मिलेगी पहली पोषण नीति, कांगड़ा और कंडाघाट लैब के लिए बजट जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *