सिरमौर पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ अभियान में जब्त किए गए वाहन

सिरमौर पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा प्रहार, विशेष अभियान में 42 वाहनों पर कार्रवाई

Sirmour

नाहन, 28 मार्च: जिला सिरमौर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक व्यापक और योजनाबद्ध विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसपी सिरमौर के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान में पुलिस की विभिन्न टीमों ने जिले के कई संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी और अवैध खनन में संलिप्त वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 42 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें से 39 वाहनों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 3 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटे गए। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

पुलिस प्रशासन ने सभी संबंधित वाहनों को जब्त (इम्पाउंड/डिटेन) कर लिया है और इन मामलों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अदालत में प्रस्तुत किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस की इस मुहिम को स्थानीय स्तर पर सराहा जा रहा है, क्योंकि अवैध खनन न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि इससे सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान होता है। प्रशासन की इस सख्ती से उम्मीद जताई जा रही है कि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

यह भी पढ़ें:- गिरिपार के जांबाज़ पैरा खिलाड़ियों का कमाल: जयपुर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चमके अनिल ठाकुर, सविता नेगी ने भी बढ़ाया मान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *