शिमला, 13 जुलाई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में हुए नीट पेपर लीक ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के सपनों को चकनाचूर कर दिया। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
राजीव भवन, शिमला में यूथ कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और विधानसभा स्तर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
अग्निवीर योजना पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना ने हिमाचल प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय किया है। पहले प्रदेश के बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा करते थे, लेकिन चार वर्ष की अल्पकालिक सेवा व्यवस्था से युवाओं का उत्साह प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नियमित रोजगार देने के लिए पुलिस सहित विभिन्न विभागों में पारदर्शी तरीके से भर्ती कर रही है। पूर्व भाजपा सरकार के समय पुलिस भर्ती और अधीनस्थ चयन आयोग की परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए राज्य चयन आयोग का गठन किया है।
शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल को बनाएंगे देश का नंबर-1
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर रही है। वर्ष 2021 में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल 21वें स्थान पर पहुंच गया था, लेकिन वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब पांचवें स्थान पर आ गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनेगा।
उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस सीबीएसई स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं और उनमें शिक्षकों की नियुक्तियां भी की जा रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को बनाया जा रहा आधुनिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोग हर वर्ष बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर लगभग एक हजार करोड़ रुपये खर्च करते हैं। इसे देखते हुए सरकार मेडिकल कॉलेजों में एम्स, नई दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक मशीनें उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी मेडिकल कॉलेजों में थ्री टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जा रही हैं तथा रोबोटिक सर्जरी की सुविधा भी शुरू हो चुकी है, जिससे आम और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा।
प्राकृतिक खेती और किसानों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। सरकार गाय का दूध 61 रुपये और भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीद रही है।
विद्यार्थियों को मिलेगा सस्ती ब्याज दर पर शिक्षा ऋण
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं लगभग 6,000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ योजना के तहत संरक्षण देकर उनके समग्र विकास की जिम्मेदारी सरकार ने उठाई है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश की राजनीति नया इतिहास रचेगी।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ मेरा सफर: सुक्खू
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ और कांग्रेस पार्टी ने उन्हें प्रदेश की सेवा का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश को आजादी दिलाने के साथ-साथ विकास की मजबूत नींव भी रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में पंचवर्षीय योजनाओं की शुरुआत हुई तथा आईआईटी और एम्स जैसे राष्ट्रीय संस्थानों की स्थापना हुई।
नेताओं ने भी रखे अपने विचार
उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों की आवाज बुलंद कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री सुक्खू छात्र राजनीति से आगे बढ़कर आज प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में अनेक पेपर लीक हुए, जबकि हिमाचल में वर्तमान सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की है।
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी ज्योतिष एच.एम. ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पिछले साढ़े तीन वर्षों से सभी सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में नीट पेपर लीक से जुड़ी घटनाओं के कारण जान गंवाने वाले 21 लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…