एचपीयू में एबीवीपी के 78वें स्थापना दिवस और राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर आयोजित व्याख्यान, विद्यार्थियों से शोध व समाज सेवा से जुड़ने का आह्वान
शिमला, 14 जुलाई: राष्ट्रवाद, नेतृत्व क्षमता और उत्तरदायी नागरिकों के निर्माण में सकारात्मक छात्र सक्रियता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह बात हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशक तथा एबीवीपी के शिमला विभाग प्रमुख प्रो. संजय शर्मा ने कही। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर स्टूडेंट्स फॉर होलिस्टिक डेवलपमेंट ऑफ ह्यूमैनिटी (शोध) फाउंडेशन द्वारा आयोजित व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे।
एबीवीपी की 78 वर्षों की यात्रा पर डाला प्रकाश
प्रो. संजय शर्मा ने अपने संबोधन में एबीवीपी की 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बन चुका है। उन्होंने बताया कि संगठन के देशभर में 60 लाख से अधिक तथा हिमाचल प्रदेश में एक लाख से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी शिक्षा सुधार, छात्र हितों की रक्षा, नेतृत्व विकास और राष्ट्र सेवा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
शोध, नवाचार और सामाजिक सेवा से जुड़ने का आह्वान
उन्होंने एबीवीपी के विभिन्न आयामों जैसे शोध (SHoDH), स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट (SFD), जिज्ञासा और मेडीविजन की जानकारी देते हुए कहा कि ये मंच विद्यार्थियों को अनुसंधान, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक सोच, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सेवा से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करें। शोध, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
एचपीयू के जैव प्रौद्योगिकी विभाग में हुआ आयोजन
यह व्याख्यान शोध फाउंडेशन द्वारा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सेमिनार हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थियों ने भाग लेकर विषय पर अपने विचार साझा किए।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…