नाहन। सिरमौर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच पांवटा साहिब में दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक एक वाहन में सवार होकर उत्तराखंड के विकासनगर की तरफ से पांवटा साहिब पहुंचे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4.33 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 16 सितंबर को उस समय हुई, जब पांवटा साहिब पुलिस की टीम विश्वकर्मा चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक वाहन में नशीला पदार्थ लाए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने गर्ल्स स्कूल पांवटा साहिब के पास वाहन नंबर HP12E-9445 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन में सवार भानू सूद, निवासी रेणुका जी, तथा सूरज ठाकुर, निवासी मड़ोली, डाकघर अंधेरी, तहसील संगड़ाह, के कब्जे से 4.33 ग्राम चिट्टा बरामद करने का दावा किया है। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
विकासनगर से पांवटा तक कैसे पहुंचा नशा, जांच में जुटी पुलिस
मामले में अब पुलिस की जांच का फोकस नशीले पदार्थ के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कथित तौर पर कहां से लाया गया था और इसकी आगे सप्लाई किसे की जानी थी।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, नशे के खिलाफ जिले में अभियान लगातार जारी है और इस मामले में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…