हिमालयन डॉन संवाददाता, संगड़ाह | उपमंडल संगड़ाह में खराब सड़कों के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पियूलाणी-भलोना मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पियूलाणी-भलोना सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में भलोना स्कूल की मुख्याध्यापिका (सीएचटी) अमरा देवी, उनकी बेटी सहित कुल चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान अमरा देवी (52), पत्नी देव राज निवासी गत्ताधार, उनकी पुत्री आराध्या (14), प्रियंका (14) पुत्री दीप राम निवासी ऊंचा टिक्कर तथा सज्जन सिंह (62), पुत्र थापलू राम निवासी काजवा, तहसील संगड़ाह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अमरा देवी अपने बच्चों के साथ ड्यूटी के लिए भलोना स्कूल जा रही थीं, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सुनील कायथ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन द्वारा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए क्षेत्र की जर्जर सड़कों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि पियूलाणी-भलोना और संगड़ाह-गत्ताधार समेत कई संपर्क मार्गों की हालत बेहद खराब है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे और धंसते डंगे वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद भी मरम्मत कार्य नहीं किया गया है।
राजगढ़ के डीएसपी वीसी नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। वहीं, एसडीएम सुनील कायथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
