सोलन। नशे के बढ़ते जाल (चिट्टा) के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने और ‘फिट इंडिया अभियान’ को बढ़ावा देने के लिए सिरमौर कल्याण मंच सोलन एवं चूड़ेश्वर सेवा समिति, सोलन व राजगढ़ द्वारा एक विशेष जागरूकता मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो” के संदेश के साथ यह दौड़ हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने का संकल्प लेकर आयोजित की जा रही है।
मैराथन का शुभारंभ और रूट
इस मैराथन का विधिवत शुभारंभ 8 मार्च 2026 को प्रातः 9 बजे ठोडो ग्राउंड, सोलन से होगा। सोलन के जिलाधीश मनमोहन शर्मा हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना करेंगे।
यह दौड़ सोलन से शुरू होकर नौणी, यशवंतनगर और राजगढ़ होते हुए खैरी से इटरनल यूनिवर्सिटी, बडू साहिब तक जाएगी। यात्रा के दौरान पहले दिन राजगढ़ में विश्राम होगा, जहाँ स्थानीय स्कूलों के बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य आकर्षण और प्रतिभागी
इस दौड़ का मुख्य चेहरा अंतरराष्ट्रीय पैरा धावक वीरेंद्र सिंह होंगे। वीरेंद्र सिंह ने हाल ही में शारजाह (UAE) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओपन एथलीट चैंपियनशिप में देश के लिए एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर गौरव बढ़ाया है। वे इससे पहले भी ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ और ‘ड्रग फ्री इंडिया’ जैसे अभियानों के लिए लंबी दौड़ लगा चुके हैं।
अन्य प्रतिभागी भी होंगे शामिल
इस अभियान में अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक कल्पना परमार भी अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज करवाएंगी, जो नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके अलावा वर्टेक्स इंस्टीट्यूट के छात्र भी बड़ी संख्या में इस दौड़ में भाग लेकर नशा मुक्त समाज का संदेश देंगे।
आयोजकों की अपील
सिरमौर कल्याण मंच के अध्यक्ष प्रदीप ममगाई ने बताया कि इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को चिट्टा जैसे खतरनाक नशे से बचाकर खेलों और स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों और युवाओं से इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सहयोग करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:- हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2027 हेतु मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण संपन्न
