सोलन (कमलेश) 23 मई, 2026। जिला सोलन के मैदानी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू ने आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। चिलचिलाती धूप और रिकॉर्ड तोड़ तापमान को देखते हुए अब प्रशासन भी अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उपनिदेशक उच्च शिक्षा सोलन ने जिला उपायुक्त को बद्दी, नालागढ़ और बरोटीवाला क्षेत्र के स्कूलों के समय में बदलाव करने का प्रस्ताव भेजा है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि इन औद्योगिक और मैदानी इलाकों में इन दिनों तापमान लगातार खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अत्यधिक थकान जैसी समस्याओं का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा कार्यालय की ओर से भेजे गए पत्र में सुझाव दिया गया है कि बद्दी, नालागढ़ और बरोटीवाला क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों का समय अस्थायी रूप से सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाए। माना जा रहा है कि यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो हजारों छात्रों और शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि दोपहर के समय सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है और ऐसे में बच्चों का लंबे समय तक धूप में रहना स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इसलिए स्कूलों की टाइमिंग बदलना फिलहाल सबसे व्यावहारिक और जरूरी कदम माना जा रहा है।
उधर, उप शिक्षा निदेशक गोपाल चौहान ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला उपायुक्त से इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि यह संशोधित समय तब तक लागू रखने की सिफारिश की गई है जब तक मौसम की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती या फिर नए आदेश जारी नहीं किए जाते।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोलन जिले के मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में स्कूलों की टाइमिंग बदलने का यह प्रस्ताव अभिभावकों के लिए भी राहत भरी खबर माना जा रहा है।
यदि प्रशासन की ओर से जल्द फैसला लिया जाता है तो आने वाले दिनों में बद्दी, नालागढ़ और बरोटीवाला क्षेत्र के स्कूल नए समय के अनुसार संचालित हो सकते हैं, जिससे बच्चे लू और भीषण गर्मी के खतरे से काफी हद तक सुरक्षित रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
