नाहन (राजेश): नेशनल हाईवे-07 (नाहन-पांवटा साहिब मार्ग) पर दोसड़का के पास कोयले की राख से भरे एक ट्राले में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते ट्राले का अगला हिस्सा और कैबिन आग की लपटों की चपेट में आ गया। गनीमत यह रही कि समय रहते चालक ने वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली।
फायर ब्रिगेड ने बचाई बड़ी तबाही
आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र नाहन की टीम लीडिंग फायरमैन रमेश चंद के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में अरुण शर्मा, कंवर सिंह और अमित ने फायर टैंडर की मदद से आग पर काबू पाया। अगर टीम समय पर न पहुंचती तो आग ट्राले के पिछले हिस्से में लदी राख तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण
मिली जानकारी के अनुसार, यह ट्राला (श्रीराम कंपनी, उदयपुर-जम्मू) चालक चैन सिंह चला रहा था। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस अग्निकांड में ट्राले का कैबिन, इंजन की पूरी वायरिंग और एक टायर जलकर राख हो गया है, जिससे लगभग 3 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान आंका गया है।
अधिकारियों की सलाह: लापरवाही पड़ सकती है भारी
फायर ऑफिसर राम कुमार शर्मा ने वाहन चालकों को सचेत करते हुए कहा कि लंबे सफर पर निकलने से पहले वाहनों की वायरिंग और इंजन की नियमित जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही न केवल आर्थिक नुकसान, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें:- कुलदीप राठौर ने राहुल गांधी के सामने उठाई हिमाचल के बागवानों की आवाज, आयात शुल्क और ओलावृष्टि पर जताई चिंता
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
