30 जून तक खुला है पोर्टल, तकनीकी खराबी दूर होने का दावा; आपातकालीन मरीजों को अस्पतालों के माध्यम से मिल रही मंजूरी
हिमालयन डॉन संवाददाता, शिमला 10 जून, 2026। हिमाचल प्रदेश में हजारों लोगों के लिए राहत देने वाली हिमकेयर योजना इन दिनों तकनीकी समस्याओं के चलते सुर्खियों में है। हिमकेयर कार्डों के नवीनीकरण और नए कार्ड जारी करने की प्रक्रिया सर्वर में आई तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हो गई है। स्थिति यह है कि करीब 2000 आवेदन मंजूरी की प्रतीक्षा में लंबित पड़े हैं, जिससे मरीजों को निशुल्क उपचार सुविधा का लाभ लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 1 जून से शुरू हुई नवीनीकरण और नए कार्ड बनाने की प्रक्रिया के दौरान थर्ड पार्टी एजेंसी (टीपीए) के सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते कार्डों के अनुमोदन की प्रक्रिया धीमी पड़ गई और हजारों आवेदक इंतजार करने को मजबूर हो गए। यह पहली बार है जब हिमकेयर कार्डों की मंजूरी में इतनी बड़ी देरी सामने आई है।
सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों को हो रही है जिन्हें उपचार या ऑपरेशन के लिए तत्काल हिमकेयर कार्ड की आवश्यकता है। नए आवेदन लगातार आने से लंबित मामलों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को राहत देते हुए नए कार्ड बनाने और पुराने कार्डों के नवीनीकरण के लिए पोर्टल को 30 जून तक खुला रखा है। वहीं, सरकार हिमकेयर योजना में बड़े बदलाव की तैयारी भी कर रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत भविष्य में इस योजना को बीमा मॉडल पर संचालित किया जा सकता है।
हिमकेयर ऑपरेशंस के स्टेट हेड जैरूल खान ने बताया कि सर्वर में आई तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया है और सभी आवेदनों का क्रमवार सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज को आपातकालीन स्थिति में कार्ड की आवश्यकता है तो अस्पतालों के माध्यम से उसके आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जल्द ही लंबित सभी आवेदनों का निपटारा कर दिया जाएगा, जिससे लाभार्थियों को योजना का पूरा लाभ मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें:- सोलन: बैरटी में भारत-जापान नॉलेज सेंटर का शुभारम्भ, 150 युवा किसान जाएंगे जापान; हाई-टेक पॉलीहाउस भी हुआ लॉन्च
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
