नाहन। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में बुधवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु की अचानक मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान हरियाणा के अंबाला जिले के शहजादपुर निवासी 65 वर्षीय रामेश्वर दास के रूप में हुई है।
दर्शन से पहले ही बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, रामेश्वर दास अपने परिवार के साथ माता के दरबार में मत्था टेकने पहुंचे थे। मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते समय अचानक उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग की हालत बिगड़ती देख स्थानीय लोगों और एक प्रसाद विक्रेता ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
मानवता का परिचय देते हुए स्थानीय दुकानदार ने अपनी निजी गाड़ी से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाने की कोशिश की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद मौत का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) बताया है।
शोक में डूबा परिवार
मृतक के पुत्र रिंकू शर्मा ने बताया कि वे सभी श्रद्धा भाव के साथ माता के दर्शन करने आए थे, लेकिन रास्ते में ही उनके पिता का साथ छूट गया। परिवार ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वे पार्थिव देह को लेकर वापस अपने पैतृक निवास शहजादपुर के लिए रवाना हो गए।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…