6 से 11 अगस्त तक हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा

On: August 6, 2026 4:46 PM
हमें फॉलो करें:
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोलन शहर की सड़कों पर भरा पानी।
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now
मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील, सोलन में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित

हिमालयन डॉन | सोलन। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 6 से 11 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से कांगड़ा, मंडी, चंबा, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में लोगों और पर्यटकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

11 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और कई स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। 7 और 8 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं 9 से 11 अगस्त के बीच फिर से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश भी हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी लगातार वर्षा का दौर बना रहने की संभावना जताई गई है।

भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का बढ़ा खतरा
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में भूस्खलन, मलबा गिरने और अचानक आने वाली बाढ़ (फ्लैश फ्लड) जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। नदियों, खड्डों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने और दृश्यता कम होने से यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है।

लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पर्यटकों को भी यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और मौसम खराब होने पर जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अलर्ट
6 से 11 अगस्त के दौरान प्रदेश के निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिला प्रशासन को संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

सोलन में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित
गुरुवार को सोलन शहर में लगातार एक घंटे से अधिक समय तक मूसलाधार बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिला। स्कूलों की छुट्टी के समय तेज बारिश शुरू होने से कई विद्यार्थी स्कूल परिसर में ही बारिश थमने का इंतजार करते रहे, जबकि कई अभिभावक स्वयं स्कूल पहुंचकर बच्चों को घर ले गए।

लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क पर जमा पानी से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय रहेगा और आने वाले दिनों में भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

Akshay Chauhan

अक्षय चौहान पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे साप्ताहिक हिमालयन डॉन के संपादकीय एवं प्रबंधन कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। समाचार संकलन, संपादन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रबंधन तथा समाचार पत्र के संचालन में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें