हिमाचल में ईशा ग्रामोत्सव का भव्य आगाज़, कुल्लू में 1,200 ग्रामीण खिलाड़ियों ने दिखाई खेल प्रतिभा

On: August 6, 2026 4:14 PM
हमें फॉलो करें:
कुल्लू में आयोजित ईशा ग्रामोत्सव के दौरान महिला खिलाड़ियों को विजेता बनने पर सम्मानित किया गया।
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now
62 वॉलीबॉल और 40 थ्रोबॉल टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता टीमें अब करनाल में होने वाले डिवीजनल राउंड में करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व

हिमालयन डॉन | कुल्लू। भारत के सबसे बड़े ग्रामीण खेल महोत्सव ईशा ग्रामोत्सव का हिमाचल प्रदेश में शानदार आगाज़ हुआ। कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में आयोजित पहले क्लस्टर स्तरीय टूर्नामेंट में राज्य के विभिन्न गांवों से आए करीब 1,200 ग्रामीण खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 62 वॉलीबॉल और महिला वर्ग की 40 थ्रोबॉल टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अपने पहले ही आयोजन में यह हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा ग्रामीण खेल महोत्सव बन गया।

ईशा फाउंडेशन के संस्थापक योगी एवं आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु द्वारा वर्ष 2004 में शुरू किए गए इस आयोजन का उद्देश्य खेल और संस्कृति के माध्यम से ग्रामीण समाज को एकजुट करना और गांवों में सामुदायिक भावना को मजबूत करना है। यह प्रतियोगिता पेशेवर खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों, गृहिणियों और अन्य ग्रामीण नागरिकों के लिए आयोजित की जाती है, ताकि वे अपने गांव का प्रतिनिधित्व कर सकें और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ ग्रामीण जीवन का उत्सव मना सकें।

महिलाओं की भागीदारी रही सबसे बड़ी खासियत
हिमाचल में पहली बार आयोजित इस ग्रामोत्सव की सबसे उल्लेखनीय बात महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। कई ऐसी माताएं और गृहिणियां मैदान में उतरीं जिन्होंने दो दशक से भी अधिक समय बाद किसी खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद दूर-दराज़ के पहाड़ी क्षेत्रों से पहुंचीं इन महिलाओं ने अपने साहस और आत्मविश्वास से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता की सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी चचोगा पंचायत की 65 वर्षीय वंती देवी रहीं।

महिला थ्रोबॉल में पनिहार ए बनी चैंपियन
महिला थ्रोबॉल प्रतियोगिता में गोपालपुर की पनिहार ए टीम ने कुल्लू क्लस्टर का खिताब अपने नाम किया। थातीबीड़ की शिकारीबीड़ ए टीम उपविजेता रही। वहीं रैसन की तेजस्विनी टीम तीसरे और गोपालपुर की पनिहार बी टीम चौथे स्थान पर रही।

पुरुष वॉलीबॉल में ऋषि बॉयज़ का दबदबा
पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जगतसुख गांव की ऋषि बॉयज़ टीम विजेता बनी। बराग्रां की टीम उपविजेता रही, जबकि नसोगी और कैस के सेओबाग ने क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया।

विजेता टीमों को मिली पुरस्कार राशि
पुरुष वॉलीबॉल और महिला थ्रोबॉल दोनों वर्गों में विजेता टीमों को ₹10,000, उपविजेता को ₹7,000, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹5,000 तथा चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹3,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

अब कुल्लू क्लस्टर की विजेता टीमें 9 अगस्त को हरियाणा के करनाल में आयोजित डिवीजनल राउंड में भाग लेंगी। वहां विजेता टीम को ₹15,000, उपविजेता को ₹10,000, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹6,000 और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹4,000 का पुरस्कार मिलेगा।

इसके बाद डिवीजनल विजेता टीमें 4 से 6 सितंबर तक तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में आदियोगी प्रतिमा के समक्ष आयोजित राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीमों को ₹5 लाख, उपविजेता को ₹3 लाख, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹1 लाख तथा चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹50 हजार की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

खेलों के जरिए ग्रामीण भारत को नई पहचान
ईशा ग्रामोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की एकता, संस्कृति और सामुदायिक भावना का उत्सव है। इस वर्ष इसका 18वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 40,000 से अधिक गांवों से 80,000 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। फिट इंडिया से मान्यता प्राप्त इस आयोजन में लगभग 7,000 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें 15,000 से अधिक महिला खिलाड़ी शामिल होंगी।

कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम में कुल्लू नगर परिषद की अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय भारद्वाज, पार्षद कुब्जा ठाकुर एवं जीवन माला शर्मा सहित जिला प्रशासन के वन संरक्षक संदीप शर्मा (आईएफएस), अतिरिक्त उपायुक्त सुरजीत राठौर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी डॉ. रोहित शर्मा तथा जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर भी उपस्थित रहे।

ईशा ग्रामोत्सव को ग्रामीण खेलों और ग्रामीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा नेशनल स्पोर्ट्स प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (NSPO) के रूप में मान्यता प्राप्त है। वर्ष 2018 में इसे राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

कार्यक्रम कि झलकियां

Akshay Chauhan

अक्षय चौहान पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे साप्ताहिक हिमालयन डॉन के संपादकीय एवं प्रबंधन कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। समाचार संकलन, संपादन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रबंधन तथा समाचार पत्र के संचालन में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें