नाहन (राजेश)। जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला शिक्षिका सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी की भी जान चली गई। दुर्घटना सराहां बस स्टैंड से करीब 100 मीटर आगे उस समय हुई, जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना में 48 वर्षीय रीना शर्मा, पत्नी राम लाल, निवासी धरगौण प्लासो, तहसील सराहां तथा कार चालक अधिकारी जेटली (65), पुत्र रमाकांत शंकर जेटली की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उर्मिला जेटली, पत्नी अधिकारी जेटली को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल यशस्वी जेटली, पुत्र अधिकारी जेटली का मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार चारों लोग सराहां क्षेत्र के निवासी थे। मृतका रीना शर्मा शिक्षा विभाग में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पच्छाद प्रशासन के अनुसार यह हादसा रविवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये तथा घायल को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
इस दर्दनाक हादसे से सराहां क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटे हुए हैं।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…