श्री रेणुका जी (दीपक) 04 जून, 2026: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल श्री रेणुका जी से एक बेहद चिंताजनक और दुखद खबर सामने आई है। पवित्र रेणुका झील में स्नान करने उतरा 21 वर्षीय युवक अचानक लापता हो गया। युवक के झील में डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस और रेस्क्यू टीमें युवक की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान सुमित (21 वर्ष), पुत्र मुंशी राम, निवासी बंगाली कॉलोनी ददाहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमित अपने कुछ दोस्तों के साथ श्री रेणुका जी पहुंचा था। इस दौरान सभी युवक पवित्र रेणुका झील में स्नान करने के लिए उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर तक सभी दोस्त एक साथ झील में नहा रहे थे, लेकिन अचानक सुमित नजरों से ओझल हो गया।
शुरुआत में साथियों को लगा कि वह झील के किसी अन्य हिस्से में होगा, लेकिन काफी देर तक दिखाई न देने पर उनके होश उड़ गए। इसके बाद दोस्तों ने आसपास तलाश शुरू की और लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घाट की सीढ़ियों पर मिले कपड़े, जूते और मोबाइल
घटना को और गंभीर बनाता है वह तथ्य, जिसमें झील के स्नान घाट की सीढ़ियों पर सुमित के कपड़े, जूते और मोबाइल फोन सुरक्षित अवस्था में मिले हैं। इससे आशंका और गहरा गई है कि युवक स्नान के लिए झील में उतरा था, लेकिन किसी कारणवश बाहर नहीं निकल पाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि झील के कुछ हिस्सों में पानी काफी गहरा है, जिसके चलते ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। घटना के बाद युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल की सहायता से झील के विभिन्न हिस्सों में युवक की तलाश की जा रही है। झील के गहरे क्षेत्रों में भी सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
एएसपी योगेश रोल्टा ने की पुष्टि
घटना की पुष्टि करते हुए एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। युवक के परिजनों और साथियों के बयान दर्ज किए गए हैं तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों की मदद से तलाश अभियान लगातार जारी है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस प्रशासन युवक को जल्द से जल्द खोजने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल
घटना के बाद श्री रेणुका जी क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेस्क्यू अभियान के दौरान झील के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और बचाव कार्य में सहयोग करें।
यह भी पढ़ें:- माँ शूलिनी मेला 26 से 28 जून तक, परंपरागत स्वरूप में होगा आयोजन: डॉ. शांडिल
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…