सोलन (अक्षय) 03 जून, 2026। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पूर्व छात्र अमित झरेट ने हिमाचल प्रदेश वन सेवा (सहायक वन संरक्षक-ACF) परीक्षा-2025 में प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय और अपने क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 2 जून को घोषित परिणामों में अमित ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम की।
शिमला जिले के नकसेटली गांव के निवासी अमित झरेट ने वर्ष 2016 से 2020 के दौरान नौणी विश्वविद्यालय से बीएससी (ऑनर्स) वानिकी की डिग्री प्राप्त की थी। उनकी इस सफलता से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
अपनी उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित ने कहा कि इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों का निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन रहा है। उन्होंने कहा कि उनके विश्वास और समर्थन के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए अमित ने अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा आवश्यक है। साथ ही उन्होंने युवाओं को एक वैकल्पिक करियर योजना (प्लान-बी) तैयार रखने की भी सलाह दी, ताकि अनिश्चित परिस्थितियों में तनाव कम हो और करियर की दिशा बनी रहे।
अमित ने विश्वविद्यालय और अपने शिक्षकों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नौणी विश्वविद्यालय ने उन्हें मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान किया, जिसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और पेशेवर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.एस. बावेजा ने अमित को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वानिकी के विद्यार्थी इस प्रकार की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश के वन संसाधनों के संरक्षण, प्रबंधन और सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने भी अमित झरेट को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशासनिक करियर की कामना की है।
यह भी पढ़ें:- हिमकेयर कार्डधारकों के लिए बड़ी खबर: 30 जून तक करा लें रिन्यूअल, चूके तो कई महीने करना होगा इंतजार
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
