हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान को दर्शाती फीचर्ड इमेज, जिसमें मतदाता, ईवीएम और हिमालयी क्षेत्र का दृश्य दिखाया गया है।

हिमाचल पंचायत चुनाव 2026: आज दूसरे चरण का मतदान, 17.30 लाख मतदाता करेंगे फैसला, सबसे ऊंचे बूथ कॉमिक पर भी वोटिंग

Himachal

हिमालयन डॉन संवाददाता, शिमला 28 मई, 2026हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव के लिए बुधवार को प्रदेशभर की 1276 पंचायतों में मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और चुनाव ड्यूटी के लिए 8198 पोलिंग पार्टियों को संबंधित पंचायतों की ओर रवाना कर दिया गया है। दूरदराज और दुर्गम इलाकों में मतदान दल समय पर पहुंच सकें, इसके लिए विशेष वाहनों और अतिरिक्त व्यवस्थाओं का भी इंतजाम किया गया है।

दूसरे चरण में पंचायतों के 7334 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगी। मतदान समाप्त होते ही मतगणना भी शुरू कर दी जाएगी। प्रदेशभर में चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा जोश है।

17 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 17,30,030 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8,74,716 पुरुष और 8,55,597 महिला मतदाता शामिल हैं। आयोग को इस बार भी पंचायत चुनाव में बेहतर मतदान प्रतिशत की उम्मीद है।

चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त मतपेटियां, रिजर्व स्टाफ और तकनीकी सहायता की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन और चुनाव अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नियम उल्लंघन या चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत राठौर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र कॉमिक में भी वोटिंग
लाहौल-स्पीति जिले के विकास खंड स्पीति की लांगजा पंचायत के अंतर्गत 4,587 मीटर की ऊंचाई पर स्थित प्राथमिक पाठशाला कॉमिक में बनाए गए प्रदेश के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र पर भी आज मतदान होगा। यहां कुल 77 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 37 पुरुष और 40 महिलाएं शामिल हैं।

विशेष बात यह है कि कॉमिक मतदान केंद्र को पिंक बूथ बनाया गया है और यहां पूरी चुनाव प्रक्रिया महिला पोलिंग पार्टी द्वारा संचालित की जाएगी। विकास खंड अधिकारी स्पीति अंशुल शांडिल ने बताया कि मतदान केंद्र पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और महिला मतदान दल समय पर पहुंच चुका है।

इसके अलावा लारा पंचायत के पांच वार्डों और लांगजा पंचायत के तीन वार्डों में भी केवल महिला मतदान दल और महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इन केंद्रों के लिए कुल 10 महिला मतदान दल गठित किए गए हैं।

पहले चरण की गड़बड़ियों पर आयोग सख्त
पहले चरण के पंचायत चुनाव में सामने आई गड़बड़ियों पर राज्य निर्वाचन आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं कि पहले चरण में हुई अनियमितताओं को दूसरे चरण में दोहराया न जाए।

आयोग ने अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि पहले चरण के चुनाव में रामपुर और मंडी सहित कुछ क्षेत्रों से बैलेट पेपर में उम्मीदवार का नाम गायब होने, नोटा पर गलत स्टैंप लगने और मतदान देर से शुरू होने जैसी शिकायतें सामने आई थीं।

कांगड़ा में सबसे ज्यादा, किन्नौर में सबसे कम मतदाता
दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में जिला कांगड़ा में सबसे अधिक 3,95,856 मतदाता हैं, जबकि किन्नौर जिले में सबसे कम 19,150 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

इसके अलावा बिलासपुर में 1,08,746, चंबा में 1,48,219, हमीरपुर में 1,25,768, कुल्लू में 1,03,797, लाहौल-स्पीति में 8,875, मंडी में 2,71,281, शिमला में 1,74,514, सिरमौर में 1,25,673, सोलन में 1,19,682 और ऊना में 1,27,569 मतदाता मतदान करेंगे।

चंबा में पुनर्मतदान के आदेश
राज्य निर्वाचन आयोग ने चंबा जिले के तीसा विकास खंड की ग्राम पंचायत सवाला के वार्ड नंबर-2 में पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। आयोग के अनुसार मतदान के दौरान कुछ मतदाताओं को साथी के साथ मतदान की अनुमति तो दी गई, लेकिन संबंधित पीठासीन अधिकारी द्वारा नियमानुसार घोषणा पत्र नहीं भरवाया गया।

अब इस वार्ड में 30 मई को पुनर्मतदान होगा, जबकि मतगणना और परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

सिरमौर में मतगणना पुलिस सुरक्षा में
सिरमौर जिले के पच्छाद विकास खंड की ग्राम पंचायत बनाह-धीणी में जिला परिषद चुनाव के दौरान प्रयुक्त मतपेटी पंचायत चुनाव की मतपेटी से बदल जाने के कारण मतगणना प्रक्रिया रोक दी गई थी। आयोग ने अब निर्देश दिए हैं कि संबंधित पंचायत की मतगणना पुलिस सुरक्षा में करवाई जाएगी।

प्रदेशभर में दूसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं और आज पंचायत प्रतिनिधियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।


यह भी पढ़ें:- सोलन में पूर्व सैनिकों का आक्रोश: सेना अधिकारी की बहन की संदिग्ध मौत मामले में राष्ट्रपति से निष्पक्ष जांच की मांग


हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।

WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel⁠
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel⁠
Facebook पेज:
Join Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *