सोलन के देहुंघाट में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तैयार नए वन स्टॉप सेंटर की फीचर्ड इमेज।

सोलन में महिलाओं को मिलेगा नया सहारा: देहुंघाट में जून से शुरू होगा आधुनिक वन स्टॉप सेंटर

Solan

सोलन (अक्षय) 28 मई, 2026। घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अन्य समस्याओं से जूझ रही महिलाओं के लिए सोलन में बड़ी राहत की खबर है। शहर के देहुंघाट में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए बनाए जा रहे आधुनिक वन स्टॉप सेंटर को जून महीने में शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। भवन निर्माण और रंग-रोगन का काम पूरा हो चुका है और अब केवल पानी का कनेक्शन लगना बाकी है। इसके बाद सेंटर को आम जनता और पीड़ित महिलाओं के लिए खोल दिया जाएगा।

फिलहाल वन स्टॉप सेंटर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के पास किराये के भवन में संचालित किया जा रहा है, लेकिन नया भवन तैयार होने के बाद इसे देहुंघाट स्थित नवनिर्मित परिसर में शिफ्ट कर दिया जाएगा। नए सेंटर के शुरू होने से घरेलू हिंसा और अन्य परेशानियों से जूझ रही महिलाओं को एक ही छत के नीचे हर जरूरी सुविधा मिल सकेगी।

महिलाओं को मिलेगा 24 घंटे सहारा

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित आश्रय, चिकित्सा सुविधा, काउंसलिंग और समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध करवाना है। सेंटर में एक समय में अधिकतम पांच महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी।

यह सेंटर 24 घंटे कार्य करेगा और महिलाओं की देखभाल तथा प्रशासनिक कार्यों के लिए 13 कर्मचारियों का स्टाफ हर समय मौजूद रहेगा। विभाग का प्रयास है कि सड़क और फुटपाथ पर रहने वाली बेसहारा महिलाओं को भी यहां सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाया जाए।

एक ही छत के नीचे मिलेगी मदद

वन स्टॉप सेंटर के शुरू होने से महिलाओं को पुलिस, डॉक्टर और काउंसलिंग जैसी सुविधाओं के लिए अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ेगा। घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न का सामना कर रही महिलाओं को तुरंत सहायता और सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देव शर्मा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं को हरसंभव सुविधा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नए भवन में शिफ्ट होने के बाद सेंटर में सुविधाएं और बेहतर हो जाएंगी।
उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को सहारा देना और उनके उपचार व कानूनी शिकायतों के लिए डॉक्टरों तथा पुलिस सहायता को एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाना है।

देहुंघाट में बनने जा रहा यह आधुनिक वन स्टॉप सेंटर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत करने की दिशा में सोलन जिले की एक बड़ी पहल माना जा रहा है।


यह भी पढ़ें:- हिमाचल पंचायत चुनाव 2026: आज दूसरे चरण का मतदान, 17.30 लाख मतदाता करेंगे फैसला, सबसे ऊंचे बूथ कॉमिक पर भी वोटिंग


हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।

WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel⁠
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel⁠
Facebook पेज:
Join Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *