हिमालयन डॉन संवाददाता, शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 11 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका सबसे ज्यादा असर 12 और 13 मई को देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों और बागवानी बेल्ट में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।
ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात
शुक्रवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला दर्रों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया। ऊना में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा, लेकिन यह भी सामान्य से 5.1 डिग्री कम है।
इन शहरों में तापमान सामान्य से नीचे
शिमला और सुंदरनगर में तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं सोलन में 4.3, नाहन में 3.9 और मंडी में 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें:- हिमाचल में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा, ऑनलाइन बदल सकेंगे सब्सिडी वाले मीटर
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
