शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायतीराज विभाग युद्धस्तर पर तैयारियों में जुट गया है। कोर्ट ने 31 मई से पहले चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते अब मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण (Special Revision) के साथ-साथ आरक्षण रोस्टर की तारीख भी तय कर दी गई है।
25 मार्च तक आएगा आरक्षण रोस्टर
हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज संस्थाओं का आरक्षण रोस्टर 25 मार्च से पहले जारी कर दिया जाएगा। विभाग वर्तमान में नई पंचायतों के गठन और रोस्टर को अंतिम रूप देने में जुटा है। रोस्टर जारी होने के बाद जनता से आपत्ति और सुझाव मांगे जाएंगे, जिससे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
1 जनवरी तक 18 साल के हुए युवाओं को मिलेगा वोट का मौका
चुनाव आयोग ने युवाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब उन सभी युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे, जो 1 जनवरी तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं।
- इससे पहले यह कट-ऑफ डेट 28 अक्टूबर थी।
- इस फैसले से राज्य में करीब 1 लाख नए मतदाता बढ़ सकते हैं।
- अगले 10 दिनों के भीतर सप्लीमेंटरी वोटर लिस्ट के लिए आपत्तियां और सुझाव मांगे जाएंगे।
बदल जाएगा हिमाचल का भूगोल: बनेंगी 40 नई पंचायतें
राज्य में पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी जारी है। 3000 से 5000 की जनसंख्या वाली पंचायतों का विभाजन किया जा रहा है।
- मौजूदा पंचायतें: 3577
- नई पंचायतें: 40
- कुल संख्या: 3617 नई पंचायतों की वोटर लिस्ट अलग से तैयार की जाएगी, जिसके लिए सीमांकन (Delimitation) का काम अंतिम चरण में है।
एक नजर में: हिमाचल के मौजूदा मतदाता आंकड़े
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में कुल 55.19 लाख वोटर हैं।
| जिला | कुल मतदाता | जिला | कुल मतदाता |
|---|---|---|---|
| कांगड़ा | 13,17,390 | बिलासपुर | 3,30,655 |
| मंडी | 8,65,432 | हमीरपुर | 3,78,151 |
| शिमला | 5,17,149 | चंबा | 4,22,091 |
| ऊना | 4,37,287 | सिरमौर | 4,11,481 |
| सोलन | 4,20,552 | कुल्लू | 3,35,042 |
| लाहौल स्पीति | 25,602 | किन्नौर | 5,887 |
“हिमाचल में मतदाता सूचियों का स्पेशल रिवीजन किया जाएगा ताकि 1 जनवरी तक 18 साल पूरे कर चुके हर युवा को मताधिकार मिले। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी।” > — सुरजीत सिंह राठौर, सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग
यह भी पढ़ें:- 410 पंचायतों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड सेवा शुरू, भारत नेट परियोजना के तहत बिछाया गया ऑप्टिकल फाइबर
