नौहराधार। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नौहराधार क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नौहराधार तहसील के ग्राम तलाँगना में मोहन सिंह पुत्र रामदयाल के रिहायशी मकान में अचानक रात को आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गयी। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य घर के भीतर गहरी नींद में सो रहे थे।
घटना के समय मकान के अंदर कुल 7 लोग मौजूद थे। आग इतनी भयानक थी कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल लिया गया, जिसे गंभीर हालत में सोलन अस्पताल रेफर किया गया है।
अग्निकांड में जिन 6 लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान इस प्रकार बताई गई है:
1. नरेश, पुत्र दुर्गा सिंह, निवासी टपरोली, तहसील राजगढ़
2. तृप्ता, पत्नी नरेश
3. कविता, पत्नी लोकेंद्र, निवासी खुमड़ा, तहसील चौपाल
4. सारिका, पुत्री लोकेंद्र
5. कृतिका, पुत्री लोकेंद्र
6. कृतिक, पुत्र लोकेंद्र
स्थानीय लोगों ने बताया कि शव अत्यधिक जल जाने के कारण पहचान करना बेहद कठिन हो गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम व आगे की कार्रवाई के लिए प्रशासन के हवाले कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, वहीं प्रशासन की राहत एवं बचाव टीमें भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं।
नौहराधार के तहसीलदार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन को सुबह करीब 8 बजे अग्निकांड की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राजस्व, पुलिस और राहत टीमें मौके के लिए रवाना की गईं, फिलहाल राहत एवं मलबा हटाने का कार्य जारी है।
प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या आग जलाने के साधनों को संभावित कारण माना जा रहा है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे नौहराधार और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…