सोलन: सोलन नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर सुषमा शर्मा और उपमहापौर गौरव राजपूत ने शुक्रवार को विधिवत कार्यभार संभाल लिया। हालांकि पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नगर निगम का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं रहा, जिससे यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद महापौर सुषमा शर्मा ने शहरवासियों से बड़ा वादा करते हुए कहा कि सोलन में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को अगले 10 दिनों के भीतर पटरी पर लाया जाएगा। इसके अलावा पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।
अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर क्या बोलीं महापौर?
पदभार ग्रहण के दौरान निगम अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए महापौर सुषमा शर्मा ने कहा कि “मैं पिछले 15 वर्षों से अधिकारियों के बीच काम करती रही हूं। कोई आए या न आए, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मेरा पूरा ध्यान जनता के काम पर रहेगा।”
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
इससे पहले भाजपा सोलन शहरी मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर महापौर और उपमहापौर का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि दोनों के नेतृत्व में नगर निगम जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
स्वच्छता, पेयजल और ट्रैफिक पर रहेगा फोकस
भाजपा नेताओं ने नगर निगम से शहर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, यातायात सुधार और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई। साथ ही नगर निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया गया।
ये नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, महामंत्री धर्मेंद्र ठाकुर, संजय मलिक, अनिल कुमार, दिनेश शुक्ला, जगदीश गर्ग, रेनू कंस, बादल नाहर, जिला परिषद अध्यक्ष शीला, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रिया कपूर, पार्षद नीलम सोपाल, रोहित भारद्वाज, डॉ. प्रियंका पांजा सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…