हिमालयन डॉन न्यूज़ डेस्क। सिरमौर
सिरमौर जिले के रेणुका विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से नौहराधार में 6.92 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा भी की।
छह बिस्तरों की क्षमता वाले इस नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों और 47 गांवों के लगभग 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। इससे दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सीएचसी में दो डॉक्टर और एक स्टाफ नर्स तैनात
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौहराधार स्वास्थ्य केंद्र में दो चिकित्सा अधिकारियों और एक स्टाफ नर्स की नियुक्ति की गई है, ताकि मरीजों को सुचारू रूप से स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ चिकित्सा कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।
31 मार्च 2027 तक 70 प्रतिशत से अधिक स्टाफ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में अस्पतालों में केवल 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का प्रयास है कि 31 मार्च, 2027 तक प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक की जाए। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों, क्षेत्रीय अस्पतालों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।
संगड़ाह स्कूल बनेगा सीबीएसई स्कूल
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जताते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो और उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।
नौहराधार में मिल्क चिलिंग प्लांट पर भी विचार
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में प्रतिदिन 5,000 लीटर क्षमता का मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों में रहने वाले लोगों की आर्थिकी सुधारने के लिए विशेष प्रयास कर रही है।
विधायक विनय कुमार ने जताया आभार
इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने सीएचसी भवन के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र से आसपास की 20 ग्राम पंचायतों और 47 गांवों के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में शिमला में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार और निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं नौहराधार में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।













रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…