महिला हत्याकांड पर सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
शिमला, संवाददाता। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने हाल ही में राजधानी शिमला में एक महिला की गोली मारकर हुई हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि मृतका ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कई बार पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
शिमला से जारी एक बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि किसी महिला द्वारा बार-बार अपनी हत्या की आशंका जताने के बावजूद पुलिस द्वारा पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध न करवा पाना पुलिस, प्रशासन और सरकार की बड़ी विफलता है। उन्होंने मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में सख्त संदेश जाए। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के बजाय पुलिस का ध्यान अन्य गतिविधियों में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है, ओवरडोज के मामले सामने आ रहे हैं और विभिन्न स्थानों पर गंभीर आपराधिक घटनाएं घटित हो रही हैं, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान एक शांतिप्रिय राज्य के रूप में रही है और पर्यटन यहां की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। ऐसे में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं प्रदेश की छवि को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा व्यवस्था में मौजूद कमियों को दूर करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन को राजनीतिक गतिविधियों से ऊपर उठकर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए, ताकि प्रदेश में कानून का राज कायम रह सके।
यह भी पढ़ें:- सिरमौर की अनूठी ज्ञान परंपरा पहुंचेगी अंतरराष्ट्रीय मंच तक, MIFF 2026 में चुनी गई ‘मैं हूँ पाबुच’ डॉक्यूमेंट्री
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page








रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…