हिमालयन डॉन, शिमला: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राज्य में आज से अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। 8 अप्रैल को मौसम की गतिविधियां सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। 7 और 8 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चंबा जिला में 7 अप्रैल को यह अलर्ट प्रभावी रहेगा। वहीं 8 अप्रैल को शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी, जबकि सिरमौर, मंडी और सोलन जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा 7 और 8 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और अंधड़ चलने की भी संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। कसौली, राजगढ़, धर्मपुर, सराहन, शिमला, जोगिंद्रनगर, रोहड़ू, सोलन, बिलासपुर सदर, कंडाघाट और शिलारू में करीब 2-2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम के इस बदले मिजाज से किसानों और बागबानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि फसलों और बागवानी पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी
यह भी पढ़ें:- सोलन: कंडाघाट CTL में जल्द शुरू होगी वायरस-बैक्टीरिया जांच
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
Whatsaap:- https://whatsapp.com/channel/0029VbBM4nD4yltLKwGMWX0G
Telegram account:- https://t.me/HimalayanDawn
