हिमाचल में अगले एक सप्ताह तक सक्रिय रहेगा मानसून, कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा बरकरार

On: August 4, 2026 6:21 AM
हमें फॉलो करें:
हिमाचल प्रदेश में 9 अगस्त तक भारी बारिश और कई जिलों में फ्लैश फ्लड अलर्ट जारी।
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now
9 अगस्त तक बारिश का पूर्वानुमान, नदी-नालों से दूर रहने की सलाह

शिमला, 4 अगस्त। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के लिए फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। विभाग ने नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूरी बनाए रखने तथा अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

9 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग का कहना है कि 3 से 9 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुक कर वर्षा होने की संभावना है। 3 से 7 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 8 और 9 अगस्त को भी कुछ इलाकों में तेज वर्षा का दौर बना रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने और 4 अगस्त से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है।

सोमवार सुबह राजधानी शिमला सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल और धुंध छाई रही। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कहीं हल्की बारिश हुई तो कहीं बादलों और धूप का मिला-जुला असर देखने को मिला।

पांवटा साहिब में सबसे अधिक 75.8 मिमी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 75.8 मिलीमीटर वर्षा सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में दर्ज की गई। इसके अलावा नैना देवी में 68.2 मिमी, कोठी (कुल्लू) में 35.2 मिमी, मुरारी देवी (मंडी) में 33 मिमी, रामपुर (शिमला) में 30 मिमी, धर्मशाला में 28 मिमी, गोहर में 22 मिमी, ददाहू में 20 मिमी तथा नंगल डैम में 15.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने सुंदरनगर, मुरारी देवी और कांगड़ा क्षेत्र में गरज के साथ बिजली चमकने की घटनाएं भी दर्ज होने की जानकारी दी है। हालांकि प्रदेश में कहीं भी ओलावृष्टि, बर्फबारी, घना कोहरा, तेज हवाओं या लू जैसी स्थिति दर्ज नहीं की गई।

प्रशासन और लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने, नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Akshay Chauhan

अक्षय चौहान पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे साप्ताहिक हिमालयन डॉन के संपादकीय एवं प्रबंधन कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। समाचार संकलन, संपादन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रबंधन तथा समाचार पत्र के संचालन में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें