मनाली: पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जितनी खूबसूरत लगती है, सड़कों पर उतनी ही जानलेवा भी साबित होती है। ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के मनाली का है, जहाँ नसोगी गांव में एक कार देखते ही देखते खिलौने की तरह बर्फ पर फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक मंजर का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चंद सेकंड का फेर: चालक बाहर खड़ा था और कार चल पड़ी
यह हादसा मनाली के नसोगी गांव में एक होटल के बाहर पेश आया। कार के मालिक ने सुबह अपनी गाड़ी स्टार्ट की और बाहर निकलकर उस पर जमी बर्फ साफ करने लगा। इसी दौरान कार अचानक ‘न्यूट्रल’ हो गई और ढलान की ओर लुढ़कने लगी। सड़क पर जमी बर्फ ने लुब्रिकेंट (साबुन) का काम किया, जिससे टायर की पकड़ पूरी तरह खत्म हो गई और कार अनियंत्रित हो गई।
जान जोखिम में डालकर कार रोकने की कोशिश
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही गाड़ी फिसलनी शुरू हुई, चालक ने घबराहट में उसे हाथों से रोकने की कोशिश की। इस कोशिश में वह खुद भी बर्फ पर घिसटता हुआ कार के साथ ढलान की ओर जाने लगा। खुशनसीबी रही कि चालक समय रहते किनारे की ओर छिटक गया, वरना वह भी कार के साथ ही खाई में समा जाता। गाड़ी सीधे नीचे खेतों में जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मनाली की सड़कों पर ‘ब्लैक आइस’ का कहर
मनाली में भारी बर्फबारी के बाद सड़कों पर ‘ब्लैक आइस’ (बर्फ की पारदर्शी परत) जम गई है। इसके चलते वोल्वो बस स्टैंड के पास भी दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जबकि नसोगी में ही एक अन्य कार सड़क छोड़कर खेतों में उतर गई। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को चेतावनी दी है कि वे ढलान वाले रास्तों पर गाड़ी पार्क न करें और टायरों की ग्रिप का विशेष ध्यान रखें।
डीएसपी मनाली की एडवाइजरी: सावधानी ही एकमात्र बचाव
हादसे के बाद डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बयान जारी कर वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील की है।
- सुरक्षित पार्किंग: बर्फबारी के दौरान हमेशा समतल जगह पर ही वाहन पार्क करें।
- लापरवाही से बचें: गाड़ी को स्टार्ट छोड़कर बाहर न निकलें, खासकर ढलान वाली सड़कों पर।
- चेन का उपयोग: फिसलन वाले रास्तों पर टायरों पर लोहे की चेन बांधकर ही चलें।









रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…