अर्की भीषण अग्निकांड- दुःख की इस घड़ी में सरकार पीड़ितों के साथ: विक्रमादित्य सिंह

Himachal

अर्की। सोलन ज़िला के अर्की बाज़ार में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। इस दर्दनाक घटना में कई परिवारों की जीवनभर की कमाई पल भर में राख हो गई। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायज़ा लिया और पीड़ितों से मिलकर उनका दुःख साझा किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर सम्भव सहायता प्रदान की जाएगी। मंत्री ने जान-माल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अर्की का यह ऐतिहासिक बाज़ार न केवल व्यापार का केंद्र है, बल्कि यहां लोगों की भावनाएं और वर्षों की मेहनत जुड़ी हुई हैं। ऐसे में इस तरह की त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक है।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रभावितों को फौरी राहत दी जा चुकी है और भविष्य में भी उन्हें हरसंभव सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से बड़ा नुकसान टल सका। विशेष रूप से आग बुझाने में जुटे स्थानीय युवाओं के साहस और सेवा भावना की उन्होंने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

मंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए ठोस और दूरदर्शी योजना बनाना आवश्यक है। इसी दिशा में अर्की शहर के लिए 11 करोड़ रुपये की अमृत-2 योजना स्वीकृत की गई है, जिसके तहत आधुनिक फायर हाइड्रेंट प्रणाली भी स्थापित की जाएगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

दौरे के दौरान उन्होंने पीड़ित दुकानदारों को उचित सहायता का आश्वासन दिया और लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

यह घटना न केवल एक बाज़ार के जलने की है, बल्कि उन सपनों और उम्मीदों के बुझने की भी है, जिन्हें पीड़ित परिवारों ने वर्षों की मेहनत से संजोया था। ऐसे समय में सरकार और समाज का एकजुट होकर उनके साथ खड़ा होना ही सच्ची संवेदना और मानवता का परिचायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *