सोलन। सोलन जिले में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। डॉ. वाई.एस. परमार विश्वविद्यालय नौणी स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 2 से 6 सितंबर 2026 तक जिले के अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 2 और 3 सितंबर को करीब 10-10 मिलीमीटर, जबकि 4 और 5 सितंबर को 8-8 मिलीमीटर तथा 6 सितंबर को करीब 5 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
बादल छाए रहने के साथ बढ़ेगी नमी
पूर्वानुमान के अनुसार इन दिनों आसमान में काफी बादल छाए रहने की संभावना है। सापेक्षिक आर्द्रता 64 से 90 प्रतिशत के बीच रह सकती है, जबकि हवा की गति करीब 2.8 से 6.7 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
लगातार नमी और लंबे समय तक गीली परिस्थितियों के कारण खेतों और बागानों में फफूंद एवं जीवाणुजनित रोगों, खासकर जड़ गलन, झुलसा और पत्ती धब्बा रोग के फैलने की आशंका बढ़ सकती है। किसानों को खेतों की मेड़ों से खरपतवार और झाड़ियों को हटाकर हवा का बेहतर संचार बनाए रखने की सलाह दी गई है। संक्रमित पौधों और उनके रोगग्रस्त हिस्सों को खेत से बाहर निकालकर नष्ट करने को भी कहा गया है।
सेब बागवानों के लिए विशेष सलाह
मौसम को देखते हुए सेब के बागवानों को लगातार बादल और अधिक आर्द्रता की स्थिति में रासायनिक छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है। बागानों में खरपतवार एवं अनावश्यक झाड़ियों को हटाकर वायु संचार बेहतर रखने को कहा गया है।
बारिश के दौरान या बारिश रुकने के तुरंत बाद सेब की तुड़ाई स्थगित रखने की सलाह है। साथ ही पेड़ों के थालों में गिरे और रोगग्रस्त फलों को नियमित रूप से एकत्रित कर नष्ट करने को कहा गया है, ताकि रोग का संक्रमण न फैले।
जल निकासी का रखें विशेष ध्यान
बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खेतों और बागानों की जल निकासी नालियों की नियमित सफाई करने की सलाह दी गई है, ताकि जलभराव की स्थिति न बने। पशुओं को बारिश और नमी से बचाने के लिए सूखे, स्वच्छ एवं हवादार स्थान पर रखने तथा पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की भी सलाह दी गई है।
मौसम साफ रहने की अवधि में किसान हाथ से निराई-गुड़ाई और पौधों के चारों ओर मिट्टी चढ़ाने जैसे कृषि कार्य कर सकते हैं।
किसानों को मौसम आधारित कृषि सलाह के लिए ‘मेघदूत’ ऐप का नियमित उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।












रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…