भरमौर (चंबा), हिमालयन डॉन: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने श्रद्धालुओं की यात्रा को मातम में बदल दिया। ढकोग-बन्नी माता मंदिर मार्ग पर औरा कैंची मोड़ के समीप अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान चलती कार पर आ गिरी। चट्टान कार की छत को चीरते हुए सीधे अंदर जा घुसी, जिससे कार में सवार 14 वर्षीय दीक्षिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार धर्मशाला के नड्डी क्षेत्र से दो परिवार दो अलग-अलग वाहनों में बन्नी माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी औरा कैंची मोड़ के पास यह हादसा हो गया। जिस कार पर चट्टान गिरी, उसमें कुल पांच लोग सवार थे।
स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए। पंचायत तुंदा के प्रधान पुरुषोत्तम चंद ने घायलों को अपनी निजी गाड़ी से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को शीघ्र उपचार के लिए रवाना किया गया।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। भरमौर थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
लगातार बारिश से बढ़ा खतरा
प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करना जोखिमभरा हो गया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यदि यात्रा आवश्यक हो तो भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतें। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करते हुए सुरक्षित मार्गों का ही चयन करें।









रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…