शिमला, हिमालयन डॉन। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सोमवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी राहत नहीं, बल्कि सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16 से 21 जून तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
सबसे अधिक चिंता 18 और 19 जून को लेकर जताई गई है। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में चलेगी तेज आंधी
मौसम विभाग के अनुसार 18 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
वहीं 19 जून को भी चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। विभाग ने किसानों, बागवानों और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रदेश में कहां कितना रहा तापमान
बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को शिमला में 15.0, सुंदरनगर में 18.5, भुंतर में 15.2, कल्पा में 8.6, धर्मशाला में 16.8, ऊना में 18.0, नाहन में 18.9 और केलांग में 4.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा पालमपुर में 17.0, सोलन में 16.4, मनाली में 10.5, कांगड़ा में 20.1, मंडी में 16.0, बिलासपुर में 19.0, चंबा में 18.2, डलहौजी में 17.1, पांवटा साहिब और देहरागोपीपुर में 24.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
किसानों और बागवानों की बढ़ी चिंता
प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम के कारण किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। ओलावृष्टि और तेज हवाएं फलों व सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें:- सोलन मंडी में टमाटर ने पकड़ी रफ्तार, 1100 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंचे दाम; किसानों के चेहरे खिले
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page








रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…