सोलन, हिमालयन डॉन। प्रदेश की प्रसिद्ध सोलन सब्जी मंडी में स्थानीय टमाटर सीजन ने अब पूरी रफ्तार पकड़ ली है। जहां सीजन की शुरुआत में मंडी में प्रतिदिन केवल 50 क्रेट टमाटर पहुंच रहा था, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 300 से 400 क्रेट प्रतिदिन तक पहुंच गया है। बढ़ती मांग और बाहरी राज्यों, विशेषकर पंजाब से टमाटर की सप्लाई लगभग खत्म होने के कारण स्थानीय टमाटर के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।
मंडी में इन दिनों टमाटर 600 रुपये से लेकर 1100 रुपये प्रति क्रेट तक बिक रहा है। सीजन के शुरुआती दौर में किसानों को ग्रेड के अनुसार करीब 500 रुपये प्रति क्रेट के दाम मिल रहे थे, लेकिन मौजूदा तेजी ने किसानों और आढ़तियों दोनों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में टमाटर की मांग और बढ़ सकती है, जिससे कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है।
दो चरणों में तैयार होती है फसल
सोलन जिले में टमाटर की खेती मुख्य रूप से दो चरणों में की जाती है। अगेती फसल की रोपाई फरवरी में की जाती है और यही फसल जून की शुरुआत में सबसे पहले मंडियों में पहुंचती है। वर्तमान में मंडी में आने वाला टमाटर मुख्य रूप से गंबरपुल, अश्वनी खड्ड और देवठी जैसे नदीपार एवं सिंचित क्षेत्रों से आ रहा है।
वहीं, पछेती फसल की रोपाई अप्रैल और मई में की जाती है, जो आने वाले सप्ताहों में बाजार में पहुंचेगी। इसके बाद मंडी में टमाटर की आवक और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
सोलन की आर्थिकी का मजबूत आधार
सोलन जिले में टमाटर की खेती को स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। हर साल टमाटर सीजन के दौरान करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। इससे न केवल किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य मिलता है, बल्कि व्यापारियों, आढ़तियों और सैकड़ों मजदूरों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं। बाजार के मौजूदा रुझान को देखते हुए इस वर्ष भी बंपर कारोबार की उम्मीद की जा रही है।
क्या बोले मंडी समिति सचिव?
मंडी समिति सोलन के सचिव राघव सूद ने बताया कि नदी वाले क्षेत्रों से स्थानीय टमाटर की आवक अब तेजी से बढ़ रही है और प्रतिदिन 300 से 400 क्रेट टमाटर मंडी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की सप्लाई समाप्त होने और स्थानीय टमाटर की बेहतर गुणवत्ता के कारण किसानों को 600 से 1100 रुपये प्रति क्रेट तक के अच्छे दाम मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में मांग मजबूत रहने से कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त : जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page











रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…