शिमला (अक्षय), 11 जून। प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र चूड़धार धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ रही है। आगामी 15 जून को सोमवती अमावस्या और संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि की संभावना को देखते हुए चूड़धार सेवा समिति ने विशेष एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से 13 और 14 जून (शनिवार-रविवार) को यात्रा टालने की अपील की है।
प्रबंधन के अनुसार वीकेंड पर प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे हैं, जिसके कारण धाम में ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भारी दबाव बन गया है। यदि भीड़ इसी तरह बढ़ती रही तो श्रद्धालुओं को आवास और मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम भी बना चिंता का कारण
चूड़धार क्षेत्र में इन दिनों लगातार बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। खराब मौसम के चलते यात्रा मार्ग फिसलन भरे और जोखिमपूर्ण हो गए हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्र में तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सीमित हैं चिकित्सा सुविधाएं
सेवा समिति ने स्पष्ट किया है कि चूड़धार जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाएं सीमित हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े, रेनकोट, टॉर्च, आवश्यक दवाइयां और अन्य जरूरी सामान साथ रखने की सलाह दी गई है। साथ ही दिन ढलने से पहले यात्रा पूरी करने और समय रहते गंतव्य तक पहुंचने का आग्रह किया गया है।
सोमवार से शुक्रवार के बीच यात्रा करें
प्रबंधन ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि यदि संभव हो तो सप्ताहांत के बजाय सोमवार से शुक्रवार के बीच यात्रा की योजना बनाएं। इससे भीड़भाड़ से बचने के साथ-साथ यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगी।
सेवा व्यवस्था संभालने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती
बढ़ती भीड़ को देखते हुए विभिन्न इकाइयों के स्वयंसेवकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। प्रबंधन ने बताया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेवकों की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। सभी संबंधित इकाइयों से समय पर चूड़धार पहुंचकर सेवा कार्य संभालने का आग्रह किया गया है।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
चूड़धार ने सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने, प्रशासन व प्रबंधन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा वीकेंड पर यात्रा से बचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:- हिमाचल में मौसम का यू-टर्न! 43°C की झुलसाती गर्मी के बाद 6 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, तापमान गिरेगा 7 डिग्री तक
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page







रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…