सोलन, 4 जून। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेशवासियों की आस्था का प्रतीक माँ शूलिनी मेला इस वर्ष भी परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ 26, 27 और 28 जून, 2026 को आयोजित किया जाएगा। वह गुरुवार को सोलन में आयोजित शूलिनी मेला समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पूजा स्थल, माँ शूलिनी की शोभायात्रा तथा अन्य धार्मिक आयोजनों से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने शोभायात्रा के दौरान सुचारू यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ-साथ शूलिनी माता मंदिर से शोभायात्रा आरंभ स्थल तक मार्ग की आवश्यक मरम्मत करवाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने मेला आयोजन से संबंधित विभिन्न समितियों का शीघ्र गठन करने को कहा। उन्होंने उपमंडलाधिकारी सोलन को निर्देश दिए कि विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले भंडारों की समय-सारिणी निर्धारित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से प्रसाद प्राप्त हो सके। साथ ही मेला अवधि के दौरान स्वच्छता बनाए रखने तथा विशेष रूप से भंडारा स्थलों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शहर में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने तथा भंडारों में जल वितरण के लिए उपयोग किए जाने वाले बर्तनों को ढककर रखने के निर्देश भी दिए।
डॉ. शांडिल ने हिमाचली लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित करने तथा स्थानीय कलाकारों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्राथमिकता देने को कहा।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान क्राफ्ट मेला, प्रदर्शनी, कुश्ती, ठोडो, रस्साकशी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, कबड्डी, शतरंज, टेबल टेनिस एवं जूडो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा नारा लेखन प्रतियोगिता, बेबी शो, फ्लावर शो तथा पैट शो जैसी आकर्षक गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल पथ परिवहन निगम, सोलन को मेले के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए निःशुल्क बस सेवा संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस विभाग को कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की सेवाएं लेने को कहा।
उन्होंने स्मारिका प्रकाशन, मंच एवं मेला मैदान में बैठने की व्यवस्था, स्टॉल आवंटन, आवास, परिवहन, प्राथमिक चिकित्सा तथा स्वागत समिति से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आश्वस्त किया कि सभी विभागों के समन्वय से मेले का सफल एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा शूलिनी मेला समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
यह भी पढ़ें:- देश के 100 युवा किन्नौर में सीखेंगे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का पाठ, रूबरू होंगे अनूठी किन्नौरी संस्कृति से
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
