सोलन (अक्षय), 01 जून, 2026। देशव्यापी जनगणना अभियान को डिजिटल और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने सोमवार को जिले में स्व-गणना (Self Enumeration) विकल्प का शुभारंभ किया। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करने और जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 1 जून से 15 जून, 2026 तक नागरिक स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपनी तथा अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के बाद प्रत्येक परिवार को 11 अंकों का एक यूनिक स्व-गणना आईडी नंबर प्राप्त होगा। यह आईडी नंबर उन जनगणना कर्मियों को देना होगा जो 16 जून से 15 जुलाई, 2026 के बीच घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि इस आईडी नंबर के माध्यम से स्व-गणना के दौरान दर्ज की गई जानकारी सीधे जनगणना कर्मी के मोबाइल ऐप पर उपलब्ध हो जाएगी, जिससे सर्वेक्षण प्रक्रिया तेज, सरल और अधिक सटीक बनेगी।
उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में की जा रही है। नागरिकों द्वारा दी गई सही और प्रमाणिक जानकारी भविष्य में देश, प्रदेश और जिले की विकास योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मनमोहन शर्मा ने सभी जिलावासियों से आग्रह किया कि वे स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाएं और जनगणना कर्मियों को भी सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन तथा सहायक आयुक्त नीरजा शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवाई।
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
