बरोटीवाला की बिहार कॉलोनी का मामला, ड्यूटी से लौटी मां ने कमरे में देखा दर्दनाक दृश्य
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला की बिहार कॉलोनी में 29 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घर पर अकेला था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान तनुष पुरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पंजाब के मोहाली का निवासी था और पिछले कई वर्षों से बरोटीवाला में अपनी मां के साथ रह रहा था। घटना के समय युवक घर पर अकेला था, जबकि उसकी मां चंडीगढ़ में नौकरी करती हैं।
ड्यूटी से लौटी मां के उड़े होश
शनिवार शाम जब युवक की मां ड्यूटी पूरी कर घर लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पड़ोसियों की मदद से बालकनी के रास्ते कमरे में प्रवेश किया गया। कमरे के अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था, जिसे देखकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।
कमरे के भीतर युवक छत के पंखे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि उसने अपनी मां के दुपट्टे से फंदा बनाया था। परिजनों और पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला
सूचना मिलते ही बरोटीवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से युवक को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
युवक के शव का नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
रिपेयरिंग का काम करता था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक तनुष पुरी गैस चूल्हा और चिमनी रिपेयरिंग का कार्य करता था। आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन जारी है।
यह भी पढ़ें:- आरएलए सोलन में बड़ा फर्जीवाड़ा: फर्जी आईडी से 40 से अधिक वाहनों का पंजीकरण
